जांजगीर-चांपा(ईएमएस)। जिले के चांपा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बघौदा में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिले नए घर के निर्माण की तैयारी एक परिवार के लिए काल बन गई। पुराने मकान की छत तोड़ते समय गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिससे दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बघौदा निवासी रमेश कुमार बरेठ (44 वर्ष) को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान स्वीकृत हुआ था। नए घर का निर्माण शुरू करने के लिए वे अपने पुराने कच्चे मकान की छप्पर (खपरैल) हटाने का काम खुद ही कर रहे थे। काम के दौरान छत को सहारा दे रही एक पुरानी लकड़ी अचानक टूट गई। इससे रमेश का संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे जमीन पर गिर पड़े। ऊंचाई से गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे में उनके बाएं हाथ की कलाई और सीने की पसलियां टूट गईं, जबकि सिर में गंभीर चोट लगने से अंदरूनी रक्तस्राव शुरू हो गया। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण तत्काल उन्हें बीडीएम अस्पताल, चांपा लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली सूचना पर चांपा थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया यह एक दुर्घटना का मामला है, फिर भी सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)15 अप्रैल 2026