जांजगीर(ईएमएस)। शहर के कलेक्टोरेट रोड पर इन दिनों शाम होते ही मवेशियों का जमावड़ा लगने लगा है। सड़क पर बड़ी संख्या में गाय और भैंसों के बैठने व घूमने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। दफ्तर से लौटने वाले कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और आम नागरिकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार मवेशियों के कारण सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन जाती है, जिससे लोगों को देर तक फंसे रहना पड़ता है। स्थिति रात के समय और गंभीर हो जाती है। अंधेरे में सड़क पर बैठे या अचानक सामने आ जाने वाले मवेशियों के कारण दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया है। नागरिकों ने प्रशासन से मवेशियों को सड़क से हटाने और उनके उचित प्रबंधन की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके और हादसों पर रोक लग सके। सत्यप्रकाश(ईएमएस)15 अप्रैल 2026