नई दिल्ली(ईएमएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद और मशहूर शिक्षाविद् अशोक मित्तल के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। प्रवर्तन निदेशालय की टीमों ने मित्तल के पंजाब और हरियाणा स्थित करीब 8 से 9 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई जालंधर स्थित उनके आवास, गुरुग्राम और उनके बेटे से जुड़े ठिकानों पर चल रही है। छापेमारी के दौरान अशोक मित्तल अपने जालंधर स्थित घर पर ही मौजूद थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के फंड से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं और गड़बड़ियों को लेकर की जा रही है। ईडी की टीमें दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड की गहनता से जांच कर रही हैं। इसके साथ ही डिजिटल सबूत जुटाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि फंड फ्लो के वास्तविक स्रोतों और संभावित हेरफेर का पता लगाया जा सके। हालांकि, इस मामले में जांच एजेंसी ने अभी तक कोई आधिकारिक विस्तृत बयान जारी नहीं किया है। अशोक मित्तल को हाल ही में आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा में राघव चड्ढा की जगह डिप्टी लीडर नियुक्त किया था। इस नियुक्ति के तुरंत बाद हुई इस कार्रवाई को राजनीतिक हलकों में काफी अहम माना जा रहा है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस रेड पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसे भाजपा की राजनीतिक साजिश करार देते हुए कहा कि यह आगामी चुनाव की तैयारियों का हिस्सा है। उन्होंने शायराना अंदाज में लिखा, हम वो पत्ते नहीं जो शाख से टूट कर गिर जाएंगे, आंधियों को कह दो अपनी औकात में रहें। मिठाई की दुकान से राज्यसभा तक का सफर जालंधर में जन्मे अशोक मित्तल का सफर काफी प्रेरणादायक रहा है। उनके पिता ने लवली स्वीट्स नाम से मिठाई की एक छोटी सी दुकान शुरू की थी, जिसे मित्तल और उनके भाइयों ने मिलकर पंजाब की सबसे प्रसिद्ध मिठाई की दुकान बना दिया। व्यवसाय की सफलता के बाद 2005 में उन्होंने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी की नींव रखी, जो आज भारत के सबसे बड़े निजी विश्वविद्यालयों में से एक है। कानून की पढ़ाई कर चुके मित्तल शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा नाम बनने के बाद राजनीति में सक्रिय हुए और वर्तमान में वह आप के प्रमुख चेहरों में गिने जाते हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/15अप्रैल2026