15-Apr-2026
...


धमतरी(ईएमएस)। पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजिला हेरोइन सप्लाई नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने करीब 16 लाख रुपये से अधिक मूल्य का हेरोइन (चिट्टा) जब्त करते हुए एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अर्जुनी थाना क्षेत्र के श्याम तराई फॉरेस्ट नाका के पास की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कार में हेरोइन की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना पर टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने करीब 56 ग्राम हेरोइन, नकदी, एक मारुति स्विफ्ट कार और मोबाइल फोन जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत 16 लाख 24 हजार 240 रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, इस मामले का मुख्य सरगना मोहम्मद इस्लामुद्दीन कुरैशी पिछले 8 महीनों से पुलिस के रडार पर था। वह रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद और धमतरी समेत कई जिलों में सक्रिय था और पहले भी एनडीपीएस से जुड़े मामलों में उसका नाम सामने आ चुका है। जांच में यह भी सामने आया कि इस्लामुद्दीन पुलिस से बचने के लिए बार-बार अपने मोबाइल नंबर बदलता था। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह पिछले डेढ़ से दो वर्षों से पंजाब से ट्रेन के जरिए हेरोइन लाकर छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में सप्लाई कर रहा था। एक दिन पहले सिटी कोतवाली में हुई कार्रवाई में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के बाद इस पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद इस्लामुद्दीन कुरैशी (34), उसकी पत्नी अनिता नेताम (37) और निजामुद्दीन कुरैशी (28) शामिल हैं। तीनों आरोपी बालोद जिले के निवासी हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)15 अप्रैल 2026