राज्य
15-Apr-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। बदलते मौसम के बीच राजधानी में गर्मी और तापमान दोनों में ही वृद्धि देखने को मिल रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को कहीं- कहीं अधिकतम तापमान 40 के करीब पहुंच गया। बुधवार को यह 40 डिग्री के पार और फिर आने वाले तीन दिनों में 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि मौसम विभाग ने 20 अप्रैल तक लू चलने की संभावना से इंकार किया है। दिन भर आसमान साफ रहने और तेज धूप निकले रहने से मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक 38.2 डिग्री दर्ज किया गया। यह इस सीजन में अभी तक का सर्वाधिक है। रिज क्षेत्र में तो यह 39.5 डिग्री तक चला गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री कम 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं हवा में नमी का स्तर 74 से 18 प्रतिशत रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को आसमान साफ रहेगा। तेज धूप भी निकली रहेगी। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 39 और 20 डिग्री रह सकता है। 17 और 18 अप्रैल को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। इस बीच केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार दिल्ली की वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में बनी रही और पिछले 24 घंटों का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 167 रिकॉर्ड किया गया। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/15/ अप्रैल /2026