खेल
15-Apr-2026
...


मुम्बई (ईएमएस) मुंबई इंडियंस के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ हुए पिछले मुकाबले के दौरान हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण मैदान से बाहर चले गये थे। इसके बाद से ही उनकी फिटनेस को लेकर प्रशंसकों के साथ ही टीम मैनेजमेंट की भी चिंताएं बढ़ गई थीं। वहीं गत दिवस वह नेट अभ्यास के लिए नहीं उतरे जिससे पंजाब किंग्स के खिलाफ 16 अप्रैल को होने वाले मैच में उनके खेलने पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि इस मामले पर एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। एक रिपोर्ट के अनुसार रोहित की चोट गंभीर नहीं है और वह ज्यादा समय तक टीम से बाहर नहीं रहेंगे। रिपोर्ट में बताया गया है कि उनकी हैमस्ट्रिंग के स्कैन में जिसमें किसी भी प्रकार के टियर (मांसपेशी फटने) के संकेत नहीं मिले, जो प्रशंकों के लिए सबसे बड़ी चिंता का विषय था। वहीं अगर रोहित बाहर होते हैं तो ये मुंबई इंडियंस के लिए परेशानी का कारण हो सकता है। इस सत्र में उन्होंने शीर्ष क्रम में रयान रिकेल्टन के साथ एक अच्छी साझेदारी बनायी है और अगर ये जोड़ी टूटती है तो टीम को नुकसान हो सकता है। हालांकि टीम के पास क्विंटन डीकॉक जैसे अनुभवी बल्लेबाज विकल्प के तौर पर हैं पर उन्हें शामिल करने से विदेशी खिलाड़ियों की संख्या में बदलाव करना पड़ेगा। इसके अलावा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या जैसे मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाजों की खराब फॉर्म भी मुंबई के लिए एक बड़ी चिंता रही है, क्योंकि टीम जितनी मजबूत नजर आ रही है। मैदान पर उसका प्रदर्शन वैसा नहीं रहा है। ऐसे मे प्रशंसक उम्मीद कर रहे हैं कि रोहित की चोट गंभीर न हो। ईएमएस 15अप्रैल 2026