-मेडिकल, इंजीनियरिंग, एमबीए, फार्मेसी के कई छात्र/अभिभावक परेशान भोपाल,(ईएमएस)। मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना के तहत मिलने वाली छात्रवृत्ति में देरी से प्रदेश के करीब 95 हजार छात्र परेशान हैं। मेडिकल, इंजीनियरिंग, एमबीए और फार्मेसी जैसे प्रोफेशनल कोर्स में पढ़ रहे छात्रों की फीस अटकी हुई है, जिससे कॉलेज प्रबंधन और अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। कई छात्रों का कहना है कि सत्र शुरू हुए महीनों बीत चुके हैं, लेकिन अब तक राशि जारी नहीं हुई। योजना के तहत ट्यूशन फीस और अन्य शैक्षणिक खर्च सरकार द्वारा वहन किए जाते हैं, लेकिन भुगतान में देरी के कारण कुछ छात्रों को बैंक लोन लेना पड़ा है। अभिभावकों का कहना है कि आर्थिक दबाव लगातार बढ़ रहा है और समय पर राशि नहीं मिलने से पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्रों ने शासन से जल्द से जल्द छात्रवृत्ति जारी करने की मांग की है, ताकि उनकी पढ़ाई सुचारु रूप से जारी रह सके। नंदिनी परसाई/15 अप्रैल 2026