राज्य
15-Apr-2026


भोपाल (ईएमएस)। मध्यप्रदेश में जनगणना 2026-27 की प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो रही है। इस बार पहली बार नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा दी गई है। 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक लोग घर बैठे ऑनलाइन अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए (se.census.gov.in) पोर्टल या मोबाइल ऐप के माध्यम से फॉर्म भरा जा सकेगा। स्व-गणना के तहत कुल 33 सवालों के जवाब देने होंगे। इनमें मकान की स्थिति—छत, दीवार और फर्श की बनावट—के साथ परिवार के सदस्यों की संख्या, पानी-बिजली की उपलब्धता, शौचालय, रसोई गैस, वाहन जैसी सुविधाओं से जुड़े प्रश्न शामिल हैं। हर मकान की जियो-टैगिंग भी की जाएगी, जिससे डेटा की सटीकता सुनिश्चित हो सके। ऑनलाइन जानकारी दर्ज होने के बाद 1 मई से प्रगणक घर-घर जाकर सत्यापन और मकान सूचीकरण का कार्य करेंगे। प्रशासन ने नागरिकों से सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है। नंदिनी परसाई/15 अप्रैल 2026