रायफल, कारतूस सहित 2 आरोपी गिरफ्तार जबलपुर, (ईएमएस)। पनागर थाना अतंर्गत कटैया मोड़, ग्राम बड़ेरा कला में मंगलवार की रात शराब के नशे में दो बदमाशों ने एक खेत के पास रायफल से फायर किए, जिससे गांव में सनसनी फैल गई| घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, वहां पर दो आरोपी पुलिस के हाथ लगे, जो शराब के नशे में धुत्त थे। घटना के संबंध में पनागर पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यानगर वार्ड पनागर निवासी रोहित साहू और उसका दोस्त सिद्धार्थ पटेल ग्राम बड़ेरा स्थित अपने खेत में थे, तभी गोली चलने की आवाज सुनाई दी है। उन्होंने पुलिस को सूचना दी| पुलिस मौके पर पहुंची| मौके पर घेराबंदी कर आदर्श नगर, रामपुर चौक, गोरखपुर निवासी 62 वर्षीय अरुण चिंगप्पा तथा बिलहरी एपीआर कॉलोनी, गोराबाजार निवासी 61 वर्षीय गार्डन पॉप्टिस को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान अरूण चिंगप्पा के कब्जे से एक 303 रायफल, एक जिंदा कारतूस, एक खाली खोखा तथा मैगजीन में लोड दो कारतूस बरामद किए गए। साथ ही महिन्द्रा कंपनी की ओपन ग्रे-काले रंग की कार क्रमांक केए 12 एन 4252 को भी जब्त किया गया। आरोपियों के पास हथियार का लाइसेंस नहीं था। दोनों आरोपी शराब के नशे में थे। पूछताछ में अरूण चिंगप्पा ने 303 रायफल से एक फायर करना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 25, 27, 19, 30 आर्म्स एक्ट, 34 बीएनएस तथा 130/177(3) मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है। सुनील साहू / मोनिका / 15 अप्रैल 2026/ 04.25