- चयनित विद्यार्थियों का प्रशासन द्वारा किया गया सम्मान राजगढ़(ईएमएस)l कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में जिला मुख्यालय पर स्थापित की गई अध्ययन लाइब्रेरी जिले के युवाओं के लिए सफलता की नई राह साबित हो रही है। इस लाइब्रेरी में नियमित अध्ययन कर जिले के कई छात्र-छात्राओं ने पुलिस भर्ती परीक्षा एवं प्राथमिक शिक्षक भर्ती परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। इस उपलब्धि पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह लाइब्रेरी केवल एक अध्ययन केंद्र नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को साकार करने का माध्यम बन रही है। यहां उपलब्ध शांत वातावरण, अध्ययन सामग्री एवं मार्गदर्शन का लाभ लेकर छात्र-छात्राएं निरंतर सफलता प्राप्त कर रहे हैं। साथ ही सम्मानित किए गए छात्र - छात्राओं में ईश्वर दांगी, सुनील दांगी, शिवजीत सिंह भदौरिया, सुश्री गीता प्रजापति एवं सुश्री कवीता प्रजापति आदि शामिल हैं। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करते हुए कहा कि वे इस सुविधा का अधिकतम उपयोग करें और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए सतत प्रयासरत रहें। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी, लाइब्रेरी स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। -निखिल/राजगढ़/15/4/2026