- बदमाशो की जमानत में मदद और लूट में लाखो का माल मिलने का किया था वादा - चार थानो और क्राइम ब्रांच की10 टीमो ने 500 सीसीटीवी कैमरे खंगालकर जुटाया सुराग - डॉक्टर से लूटा गया 11 तोला सोने का कड़ा महिला के घर से बरामद - महिला समेत चार आरोपी गिरफ्तार, अन्य फरार भोपाल(ईएमएस)। श्यामला हिल्स इलाके के हाई सिक्यूरिटी जोन में सीएम हाउस के पास डिस्ट्रिक्ट टीबी ऑफिसर डॉक्टर मनोज वर्मा हुई लूट का पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने खुलासा करते हुए बताया की हमले की मास्टरमांइड महिला आलिया और उसके तीन साथियो अरशान, अदनान और मुदस्सिर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला के खिलाफ पूर्व में प्रकरण दर्ज हैं, और उसने महिला ने हमला करने के लिये आदतन आरोपियो के कोर्ट मे चल रहे अपराधिक प्रकरणो में जमानत में मदद का वादा करने के साथ ही लूट में लाखो का माल हाथ लगने का झांसा दिया था। आरोपी महिला डॉक्टर की पूर्व परिचित है। बीते समय किसी बात को लेकर उनकी अनबन चल रही थी। - यह था डॉक्टर को मिर्ची झोंककर लूटा का मामला जानकारी के अनुसार डिस्ट्रिक्ट टीबी ऑफिसर डॉक्टर मनोज वर्मा डॉक्टर मनोज वर्मा के साथ 10 अप्रैल की सुबह लगभग 10 बजे लूट की वारदात हुई थी। तीन लुटेरों ने साइकिलिंग कर रहे डॉक्टर को टक्कर मारकर गिराया था। इसके बाद दूसरे लुटेरे ने मिर्च झोंकी और तीसरे बदमाश ने उनके दाहिने हाथ में पहना हुआ 11 तौला वजनी सोने का कड़ा, घड़ी और लोअर की जेब में रखी नकदी लूट ली थी। - 500 सीसीटीवी खंगालने पर सामने आई रैकी की जानकारी सनसनीखेज वारदात की छानबीन के लिये चार थानो तलैया, गौतमनगर, हनुमानगंज, टीलाजमालपुरा सहित क्राइम ब्रांच की 10 टीमें बनाई गई। टीमो ने बदमाशो का रुट मैप तैयार कर 500 सीसीटीवी कैमरो के फुटेज खंगाले। तकनीकी जॉच में सामने आया की लुटेरे कई दिन से डॉक्टर की रैकी कर रहे थे, और वारदात को अंजाम देने के लिये तीन किलोमीटर पहले से उनका पीछा कर रहे थे। सुबह किलोल पार्क के सामने सुनसान इलाके में बदमाश पहले से घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही डॉक्टर वहां पहुंचे, आरोपियों ने उन्हें टक्कर मारकर गिराया और आंखों में मिर्च पाउडर डालकर सोने का कड़ा लूट लिया। - पहले अरशान आया पकड़ में फिर आलिया का प्लान हुआ उजागर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करते हुए पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले तीन आरोपियो में शामिल अरशान (22) निवासी क्रांगेस नगर काजी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया की उसने तलैया क्षेत्र की रहने वाली आलिया खान के कहने पर अपने तीन अन्य साथियो के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद पुलिस ने घटना में शामिल अदनान (23) निवासी मिलेट्री गेट मजदूर नगर शाहजहानाबाद और मुदस्सिर कुरैशी (23) निवासी काजी केम्प बैरसिया रोड सहित आलिया को भी गिरफ्तार कर लिया। वहीं मामले में अयान सहित अन्य आरोपी फरार है, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। - दो सालो से थी पहचान, अनबन होने पर सबक सिखाना चाहती थी पुलिस के मुताबिक आलिया खान और डाक्टर मनोज वर्मा एक-दूसरे के बीच बीते करीब दो सालो से जान पहचान थी। डाक्टर मनोज वर्मा बोट क्लब पर स्थित जीवन वाटिका मे रोजाना योग करने जाते थे। आलिया भी यहॉ योग करने आती थी। इसी दौरान दोनो की दोस्ती हो गई थी। आलिया खान पूर्व मे राष्ट्रीय मानव अधिकार एवं अपराध नियंत्रण ब्यूरो मे ज्वाइंट सेक्रेटरी के पद पर थी। और इसके माध्यम से सोशल वर्क करने का दावा करती थी। वहीं डाक्टर मनोज वर्मा स्वास्थ्य विभाग मे टीबी डिपार्टमेन्ट मे डारेक्टर के पद पद पर होने से दोनो के बीच काम के संबंध मे लगातार बाचतीत भी होती थी। बाद में दोनो के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने लगे इस कारण आलिया डाक्टर से दूरी बनाने के साथ ही उसे सबक सिखाना चाहती थी। - पेशी के दौरान हुई लूट करने वाले अरशान से पहचान अरशान ने डॉक्टर को गिराया, अदनान-मुदस्सिर ने मिर्ची पाउडर डाल कर सोने का कडा छीना आलिया और अरशान के खिलाफ पहले से अपराध दर्ज है। दोनो की पहचान पेशी पर आते-जाते समय हुई थी। आलिया ने डॉक्टर को सबक सिखाने के लिए अरशान से बात की। आलिया ने उसे उसके कोर्ट में चल रहे मामलो में मदद करने के साथ ही यह भी बताया की डॉक्टर 11 तोला सोने का कड़ा पहनता है, वह उसे लूटकर खुद ही रख ले। अदनान ने कहा गया कि इस काम के लिये दो-तीन लोगो की जरूरत पडेगी और उन्हे पैसे भी देने पडेंगे इस पर आलिया ने कुछ रकम अदनान को दी। अरशान ने अपने साथियों अदनान, मुदस्सिर और अयान को तैयार किया। आलिया ने उन्हें डॉक्टर का सारा रुटीन बताया इसके बाद बदमाशो ने योजना तैयार की। योजना के मुताबिक अरशान ने अपनी बाइक से किलोल पार्क के पास डॉक्टर की सायकिल मे टक्कर मारकर उन्हे गिरा दिया। इसके बाद सामने से आये अदनान और मुदस्सिर ने उनकी आँख मे मिर्ची पाउडर डाल कर उसके हाथ से सोने का कड़ा छीन लिया और वहाँ से फरार हो गये। - माल बरामद, सभी आरोपिया का है अपराधिक रिकार्ड पुलिस ने 17 लाख कीमत का 11 तोला सोने का कडा आलिया के घर से बरामद किया है। इसके साथ ही आरोपियो से घटना मे इस्तेमाल की गई टोयटा ब्लेंजा कार,बाइक सहित आरोपियो के मोबाईल फोन भी जप्त किये है। पकड़ाये गये आरोपियो में आलिया के खिलाफ थाना हबीबगंज में एक, अरशान के खिलाफ थाना हनुमानगंज में 2, अदनान के खिलाफ थाना हनुमानगंज, और थाना श्यामला हिल्स में 18 सहित मुदस्सिर के खिलाफ थाना हनुमानगंज में तीन अपराधिक मामले पूर्व से दर्ज है। जुनेद / 15 अप्रैल