* बाइक चोरी कर वारदात को देते थे अंजाम, चेन स्नैचिंग के बाद कपड़े बदलकर हो जाते थे फरार बनासकांठा (ईएमएस)| गुजरात के बनासकांठा जिले में लोकल क्राइम ब्रांच (एलसीबी) ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पिछले 10 वर्षों से राज्यभर में वाहन चोरी और चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाली कुख्यात चिखलीगर गैंग के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, यह गैंग पहले मोटरसाइकिल चोरी करती थी और फिर उन्हीं बाइकों का इस्तेमाल कर चेन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देती थी। वारदात के बाद आरोपी चोरी की बाइक को लावारिस छोड़कर कपड़े बदल लेते थे, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता था। गैंग द्वारा लूटी गई सोने की चेन को बाद में अलग-अलग ज्वेलर्स को बेच दिया जाता था। इस गैंग ने महेसाणा, राधनपुर, जूनागढ़, भुज, मोरबी, पालनपुर और डीसा सहित कई शहरों में अपराध किए हैं। इस मामले में बनासकांठा एलसीबी की टीम ने मुख्य आरोपी राजासिंह नरसिंह बाघा (सरदार) को पालनपुर से गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने ऊंझा से बाइक चोरी कर अपने भाई के साथ मिलकर पालनपुर में चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ राज्य के विभिन्न जिलों में वाहन चोरी और चेन स्नैचिंग के करीब 24 मामले दर्ज हैं। दो साल पहले पालनपुर में महिला के गले से छीनी गई सोने की चेन भी पुलिस ने आरोपी के पास से बरामद कर ली है, जिसे उसने खुद पहनने के लिए संभाल कर रखा था। फिलहाल, इस मामले में फरार आरोपी रामजने सिंह नरसिंह बाघा की तलाश जारी है और पुलिस उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास कर रही है। बनासकांठा एलसीबी की इस कार्रवाई से लंबे समय से सक्रिय एक संगठित अपराध गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, जिससे राज्य में बढ़ती चेन स्नैचिंग और वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगने की उम्मीद है। सतीश/15 अप्रैल