क्षेत्रीय
15-Apr-2026
...


बड़वानी (ईएमएस)।बड़वानी जिले से एक प्रेरणादायक कहानी सामने आई है, जहां एक कुम्हार परिवार की बेटी ने मेहनत और लगन के दम पर न सिर्फ जिले में टॉप किया, बल्कि पूरे प्रदेश की मेरिट लिस्ट में भी अपनी जगह बनाई है। महक का सपना है कि आगे की पढ़ाई में आईआईटी मुंबई से करूं और उसके बाद आईएएस अधिकारी बनकर मेरे मम्मी पापा का सपना पूरा करूं। एमपी बोर्ड की 10वीं परीक्षा के घोषित परिणामों में अंजड़ की मॉडर्न एकेडमी की छात्रा महक गोले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 500 में से 494 अंक हासिल किए। 98.8 प्रतिशत के साथ महक ने बड़वानी जिले में पहला स्थान प्राप्त किया और प्रदेश स्तर पर छठवीं रैंक हासिल कर इतिहास रच दिया महक की सफलता की कहानी इसलिए भी खास है क्योंकि उनका परिवार पारंपरिक कुम्हार समाज से जुड़ा है। उनके पिता बलिराम गोले मिट्टी के बर्तन और मटके बनाकर परिवार का गुजारा करते हैं महक भी अपने पिता के काम में हाथ बंटाती रही हैं कभी मिट्टी गूंथना कभी बर्तन बनाना और उसी के साथ समय निकालकर पढ़ाई करना। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य को कभी नजरअंदाज नहीं किया। महक ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। उनका कहना है कि परिवार के संघर्ष और सहयोग ने उन्हें हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा दी महक का सपना है कि वह आगे चलकर यूपीएससी परीक्षा पास कर आईएएस अधिकारी बनें और समाज के लिए काम करें। स्कूल में महक की इस उपलब्धि पर खुशी का माहौल है। शिक्षकों और स्टाफ ने उन्हें मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। महक के पिता ने बताया कि उनकी तीन बेटियां हैं, जिनमें महक और पल्लवी जुड़वां हैं और 10वीं में पढ़ती हैं, जबकि सबसे छोटी बेटी वेदिका अभी एलकेजी में है। बेटी की सफलता पर पूरे परिवार में गर्व का माहौल है। मिट्टी के बर्तनों से शुरू हुई ये कहानी अब सफलता की मिसाल बन चुकी है… जहां मेहनत ने हालात को हराकर एक नया इतिहास लिख दिया। हेमंत गर्ग, 15 अप्रैल, 2026