क्षेत्रीय
15-Apr-2026
...


-करीब 25 लाख छात्रों का इंतजार हुआ खत्म, अब ऑनलाइन और ऐप के जरिए देख सकेंगे डिजिटल मार्कशीट नई दिल्ली। सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकंड्री एजुकेशन (सीबीएसई) ने कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट घोषित कर दिया है। लंबे इंतजार के बाद अब छात्र अपना परिणाम ऑनलाइन माध्यमों के जरिए आसानी से देख सकते हैं। रिजल्ट डिजिलॉकर, मोबाइल ऐप और सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट सीबीएसई डॉट जीओवी डॉट इन और रिजल्ट डॉट सीबीएसई डॉट निक डॉट इन पर भी छात्र अपना परिणाम चेक कर सकते हैं। इस वर्ष कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से 11 मार्च 2026 के बीच आयोजित की गई थीं, जिनमें लगभग 25 लाख छात्र शामिल हुए थे। पास होने का मानदंड सीबीएसई कक्षा 10वीं की परीक्षा में पास होने के लिए छात्रों को प्रत्येक विषय में और कुल मिलाकर कम से कम 33 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य है। दूसरी परीक्षा का मौका नई नेशनल एजुकेशन पॉलिसी 2020 (नेप 2020) के तहत सीबीएसई ने दो बोर्ड परीक्षा प्रणाली लागू की है। सत्र 2025-26 से छात्रों को साल में दो बार परीक्षा देने का विकल्प मिलेगा। पहले सत्र का रिजल्ट जारी होने के बाद अब छात्र यह तय कर सकते हैं कि वे दूसरे सत्र (सीजन-2) की परीक्षा में शामिल होना चाहते हैं या नहीं। मई 2026 में होने वाली दूसरी परीक्षा में छात्र अधिकतम तीन विषयों में अपने अंक सुधार सकते हैं। हालांकि, बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि दूसरी परीक्षा के लिए विषय बदलने या छात्र के डेटा में किसी प्रकार का संशोधन करने की अनुमति नहीं होगी। इस नई व्यवस्था से छात्रों को अपने प्रदर्शन में सुधार का अतिरिक्त अवसर मिलेगा और परीक्षा का दबाव भी कम होने की उम्मीद है। हिदायत/ईएमएस 15अप्रैल26