पटना, (ईएमएस)। बिहार पुलिस और बिहार एसटीएफ की संयुक्त टीम ने हत्याकांड के फरार अभियुक्त एवं अंतरराज्यीय स्वर्णाभूषण चोरी गिरोह के सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर पटना जिले के रामकृष्णानगर थाना कांड संख्या 420/25 के फरार अभियुक्त राजकुमार उर्फ भकलू को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई पटना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम द्वारा की गई। गिरफ्तार अभियुक्त पर हत्या और आर्म्स एक्ट के गंभीर आरोप दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर पश्चिम बंगाल में ज्वेलरी दुकानों में चोरी और ठगी की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर चोरी और लूट से जुड़े स्वर्णाभूषण, नकद राशि और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और वह एक संगठित गिरोह का सक्रिय सदस्य है। इस संबंध में नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) पटना, परिचय कुमार ने बताया कि अभियुक्त से गहन पूछताछ की जा रही है तथा उसके गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। संतोष झा-१५ अप्रैल/२०२६/ईएमएस