राज्य
15-Apr-2026


मंत्री डॉ. कुंवर शाह ने विद्यार्थियों, शिक्षकों को दी बधाई भोपाल(ईएमएस)। जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणामों में जनजातीय क्षेत्रों के विद्यालयों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई दी है। मंत्री डॉ. शाह ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जनजातीय अंचलों के बच्चों ने यह सिद्ध कर दिया है कि अवसर मिलने पर उनकी क्षमता और योग्यता किसी से कम नहीं है। कक्षा 10वीं के परिणामों में जनजातीय जिलों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। अनूपपुर जिले ने अग्रणी स्थान हासिल किया, जबकि आलीराजपुर जिला दूसरे स्थान पर रहा। इसी प्रकार हायर सेकेंड्री परीक्षा में सर्वाधिक सफलता वाले जिलों में झाबुआ प्रथम स्थान पर रहा, जबकि अनूपपुर द्वितीय स्थान पर रहा। मंत्री डॉ. शाह ने कहा कि यह उपलब्धि दर्शाती है कि प्रतिभा की कोई कमी नहीं है. बल्कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर ये विद्यार्थी नई ऊंचाइयों को छू सकते हैं। हरि प्रसाद पाल / 15 अप्रैल, 2026