:: पॉंच ज़ोन क्षेत्रों में अलसुबह पहुंचे निगम कमिश्नर, सफाई दरोगाओं के वेतन काटे, स्वास्थ्य निरीक्षक को नोटिस :: इंदौर (ईएमएस)। शहर की स्वच्छता साख को बरकरार रखने और सफाई व्यवस्था को और अधिक चाक-चौबंद बनाने के लिए निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने बुधवार को शहर के पांच ज़ोन क्षेत्रों में सघन निरीक्षण किया। इस दौरान व्यवस्थाओं में लापरवाही और गंदगी मिलने पर आयुक्त ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित एजेंसी और कर्मचारियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान तीन इमली बस स्टैंड स्थित सार्वजनिक शौचालय में भारी गंदगी पाए जाने पर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित एजेंसी पर 10 हजार रुपए की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सफाई अभियान के दौरान दुकानों की जांच भी की गई, जहां डस्टबिन नहीं पाए जाने पर दो दुकानदारों पर एक-एक हजार रुपए का स्पॉट फाइन लगाया गया। आयुक्त ने ज़ोन-18 (कृषि विहार), ज़ोन-22 (बॉम्बे हॉस्पिटल), ज़ोन-10 (साकेत नगर), ज़ोन-13 (बिलावली) और ज़ोन-15 (द्रविड नगर) के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। भ्रमण के दौरान कई स्थानों पर कचरे के ढेर और सड़कों पर गंदगी मिलने पर संबंधित क्षेत्रों के सफाई दरोगाओं के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उनका एक-एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। वहीं, चौइथराम सब्जी मंडी जैसे संवेदनशील क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बदहाल मिलने पर क्षेत्रीय स्वास्थ्य निरीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। निगमायुक्त सिंघल ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि सभी क्षेत्रों में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक शौचालयों की स्वच्छता में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, व्यावसायिक क्षेत्रों में सभी दुकानदारों को अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखने के लिए प्रेरित करने और नियम न मानने वालों पर चालानी कार्रवाई जारी रखने को कहा। प्रकाश/15 अप्रैल 2026