15-Apr-2026


:: मंदिर में दर्शन कर घूमने गए थे दोनों, सुनसान इलाके में दो बदमाशों ने बनाया शिकार, जांच में जुटी पुलिस :: इंदौर/महू (ईएमएस)। इंदौर जिले के महू स्थित बेरछा के सघन जंगलों में एक कॉलेज छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। इस जघन्य कृत्य ने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात दरिंदों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, इंदौर की रहने वाली एक कॉलेज छात्रा अपने दोस्त के साथ महू क्षेत्र के लगनचा मंदिर में दर्शन करने आई थी। दर्शन के बाद दोनों पास के ही बेरछा जंगल में घूमने चले गए। जब वे एक सुनसान स्थान पर बैठे थे, तभी अचानक पीछे से दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे। बदमाशों ने सबसे पहले छात्रा के मित्र पर लाठी-डंडों से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। हमले में घायल युवक को बदमाशों ने डरा-धमकाकर वहां से भगा दिया और छात्रा को जबरन जंगल के भीतर सुनसान इलाके में ले गए, जहां उन्होंने उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। :: घायल मित्र ने दी पुलिस को सूचना :: वारदात के बाद घायल युवक जैसे-तैसे जंगल से बाहर निकला और मुख्य सड़क पर पहुंचकर डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़गोंदा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी सक्रिय हुए और तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़िता को तत्काल सुरक्षा प्रदान करते हुए मेडिकल जांच के लिए भेजा। देर रात पुलिस ने पीड़िता और उसके मित्र के बयानों के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। घटना की सूचना मिलते ही इंदौर ग्रामीण एसपी यांगचेन भूटिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। एसपी ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास के गांवों में संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों व स्थानीय मुखबिरों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बदमाशों को बेनकाब कर उनके विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रकाश/15 अप्रैल 2026