ट्रंप आठ बार तो सुंदर पिचाई भी तीन बार इस सूची में बनाई जगह बीजिंग,(ईएमएस)। टाइम मैगजीन ने दुनिया के 100 प्रभावशाली लोगों की सूची जारी की है। टाइम मैगजीन की इस सूची में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का दबदबा दिखा। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग सूची में सबसे ज्यादा बार शामिल होने वाले व्यक्ति बन गए हैं। वह 14 बार टाइम मैग्जीन की लिस्ट में जगह बनाने में सफल रहे हैं। यह इस साल की दुनिया के सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची में किसी भी व्यक्ति द्वारा सबसे ज्यादा है। यह उपलब्धि वैश्विक मंच पर शी जिनपिंग के लगातार बढ़ते प्रभाव को दर्शाती है, क्योंकि चीन अंतरराष्ट्रीय राजनीति, अर्थव्यवस्था और भू-राजनीति में अहम भूमिका निभा रहा है। जिनपिंग का बार-बार सूची में चयन यह दिखाता है कि पिछले एक दशक से भी ज्यादा समय से उनका वैश्विक मामलों पर गहरा असर है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जहां शी जिनपिंग सबसे आगे हैं, वहीं कई अन्य प्रमुख वैश्विक नेता भी कई सालों से सूची में कई बार जगह बना चुके हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आठ बार इस सूची में शामिल हो चुके हैं, जबकि इजराइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू पांच बार शामिल हुए हैं। बिजनेस और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में सुंदर पिचाई तीन बार इस सूची में आ चुके हैं। कई प्रभावशाली हस्तियां दूसरी बार इस सूची में शामिल हुई हैं। इनमें डारियो अमोडेई, फातिह बायरोएल, स्टर्लिंग के ब्राउन, मार्क कार्नी, क्लेयर डेंस, अलीको डैंगोटे और माइकल डेल शामिल हैं। वहीं, नोबेल पुरस्कार विजेता शिरीन एबादी, कॉमेडियन निक्की ग्लेसर, ओलंपिक चैंपियन क्लोई किम, डिजाइनर राल्फ लॉरेन, यूट्यूबर मिस्टरबीस्ट और राजनेता गेविन न्यूसम व मार्को रुबियो भी दोबारा सूची में शामिल हुई हैं। इस सूची में जोई सलदाना, क्लाउडिया शेनबाउम, ग्विन शॉटवेल और बेन स्टिलर जैसे नाम भी दोबारा सूची में शामिल हुए हैं। टाईम 100 सूची हर साल उन लोगों को पहचान देती है, जो राजनीति, व्यापार, मनोरंजन और तकनीक के क्षेत्र में दुनिया को आकार दे रहे हैं। शी जिनपिंग की रिकॉर्ड उपस्थिति न सिर्फ उनकी व्यक्तिगत प्रभावशीलता को दर्शाती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि वैश्विक घटनाओं को आकार देने में चीन की भूमिका कितनी अहम है। जैसे-जैसे भू-राजनीतिक तनाव, आर्थिक बदलाव और तकनीकी परिवर्तन दुनिया को परिभाषित कर रहे हैं, वैसे-वैसे इस सूची में बार-बार शामिल होने वो नाम यह दिखाते हैं कि कई क्षेत्रों में स्थायी ताकत और उभरते प्रभाव दोनों मौजूद हैं। सिराज/ईएमएस 16अप्रैल26 ---------------------------------