अंतर्राष्ट्रीय
16-Apr-2026
...


-विपक्षी नेता ने कहा— इटली की संप्रभुता पर हमला बर्दाश्त नहीं रोम,(ईएमएस)। ऐली श्लेन ने इटली की संसद में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर तीखा हमला बोलते हुए देश की संप्रभुता और सम्मान का मुद्दा उठाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी विदेशी नेता इटली या उसकी सरकार का अपमान नहीं कर सकता। संसद में बोलते हुए श्लेन ने कहा, “सुन लो ट्रंप, भले ही हम राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी हों, लेकिन हम इटली पर होने वाले किसी भी हमले को बर्दाश्त नहीं करेंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच मतभेद हो सकते हैं, लेकिन देश के सम्मान के मुद्दे पर सभी एकजुट हैं। गौरतलब है कि श्लेन, इटली की डेमोक्रटिक पार्टी की नेता और नेता प्रतिपक्ष हैं। उन्होंने अपनी राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी और प्रधानमंत्री जॉर्जिया मिलोनी के समर्थन में खुलकर बयान दिया, जो इटली की राजनीति में दुर्लभ एकजुटता का उदाहरण माना जा रहा है। यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब ट्रंप ने एक इंटरव्यू में मेलोनी की आलोचना करते हुए कहा कि वह उनकी उम्मीदों पर खरी नहीं उतरीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मेलोनी ईरान के परमाणु मुद्दे पर पर्याप्त सख्ती नहीं दिखा रहीं और नाटो जैसे मुद्दों पर अमेरिका का सहयोग नहीं कर रहीं। ट्रंप के इन बयानों के बाद इटली की राजनीति में हलचल तेज हो गई। सत्ता और विपक्ष दोनों ने इसे देश के सम्मान से जोड़ते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी। संसद में श्लेन के भाषण के दौरान सदस्यों ने खड़े होकर समर्थन जताया, जिससे यह साफ संकेत मिला कि इस मुद्दे पर व्यापक सहमति बन गई है। विश्लेषकों का मानना है कि इस घटनाक्रम ने इटली की आंतरिक राजनीति में अस्थायी रूप से एकता का माहौल बना दिया है, जबकि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका-इटली संबंधों में नई बहस छेड़ दी है। हिदायत/ईएमएस 16अप्रैल26