क्षेत्रीय
16-Apr-2026
...


- 12वीं में फेल होने पर युवती ने गटक ली चूहामार दवा, जिला अस्पताल में संघर्ष जारी गुना (ईएमएस)। मध्यप्रदेश बोर्ड द्वारा जारी किए गए 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणामों ने जहां कई घरों में खुशियां बिखेरीं, वहीं कुछ विद्यार्थियों के लिए यह मानसिक बोझ और हताशा का कारण बन गए। शहर के कैंट थाना क्षेत्र स्थित आजाद कॉलोनी में एक 20 वर्षीय छात्रा ने परीक्षा में असफल होने के बाद आत्मघाती कदम उठाते हुए चूहामार दवा का सेवन कर लिया। गनीमत रही कि परिजनों को समय पर भनक लग गई, जिससे उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, महारानी लक्ष्मीबाई विद्यालय (MLB) में अध्ययनरत यह छात्रा इस वर्ष 12वीं की परीक्षा में सम्मिलित हुई थी। बुधवार को परिणाम घोषित होने के बाद जब उसे पता चला कि वह अनुत्तीर्ण हो गई है, तो वह गहरे तनाव में चली गई। परिजनों ने बताया कि रिजल्ट आने के करीब 6 घंटे बाद, जब शाम के 5 बज रहे थे, निराशा में डूबी छात्रा ने घर में रखी जहरीली दवा निगल ली। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की तत्परता से फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। अस्पताल में बातचीत के दौरान छात्रा ने अपना दर्द साझा करते हुए बताया कि उसने इस परीक्षा के लिए काफी मेहनत की थी, लेकिन परिणाम उम्मीद के विपरीत आने पर वह खुद को संभाल नहीं सकी। पुलिस और प्रशासन ने एक बार फिर विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे परीक्षा के अंकों को जीवन का अंतिम पड़ाव न मानें। शिक्षा विभाग द्वारा रुक जाना नहीं जैसी योजनाओं के माध्यम से असफल छात्रों को एक और मौका दिया जा रहा है, जिसका उपयोग कर वे अपना साल बचा सकते हैं। किसी भी स्थिति में धैर्य न खोएं, क्योंकि जीवन किसी भी परीक्षा से कहीं अधिक अनमोल है। - सीताराम नाटानी