सूरत (ईएमएस)| शहर के डभोली इलाके से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। घरेलू विवाद और लगातार चल रहे पारिवारिक तनाव से परेशान एक महिला ने अपनी दो मासूम बेटियों को जहर पिलाने के बाद स्वयं भी आत्महत्या का प्रयास कर लिया। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतक महिला की पहचान मित्तल पटेलिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मित्तल का अपने पति के साथ लंबे समय से छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस जांच के अनुसार, खाना बनाने जैसी सामान्य बातों और अन्य घरेलू झगड़ों से तंग आकर महिला ने यह खौफनाक कदम उठाया। जानकारी के मुताबिक, महिला ने पहले अपनी 6 वर्षीय बेटी वेनिशा और 5 वर्षीय बेटी आरवी को अनाज में डालने वाली जहरीली दवा पिला दी। इसके बाद उसने खुद भी वही जहर पी लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग घबरा गए और तीनों को तुरंत स्मीमेर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात मित्तल पटेलिया की मौत हो गई, जबकि दोनों मासूम बच्चियों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। दोनों बच्चियां अस्पताल के एनआईसीयू वार्ड में भर्ती हैं और जिंदगी तथा मौत के बीच संघर्ष कर रही हैं। घटना की सूचना मिलने पर सिंगणपोर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आत्महत्या और जहर देने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है तथा पारिवारिक परिस्थितियों, पति-पत्नी के संबंधों और घटना के पीछे की वास्तविक वजहों की गहराई से जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना ने समाज को फिर सोचने पर मजबूर कर दिया है कि घरेलू तनाव और मानसिक दबाव किस तरह परिवारों को तबाही की ओर धकेल सकते हैं। - सतीश/16 अप्रैल