नई दिल्ली,(ईएमएस)। कश्मीर के व्यापारियों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर रेलवे के जम्मू डिवीजन ने 17 अप्रैल शुक्रवार से नई दिल्ली और बडगाम के बीच पार्सल ट्रेन सेवा शुरू करने का ऐलान किया है। यह विशेष सेवा व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और माल ढुलाई को आसान बनाने के उद्देश्य से शुरू की जा रही है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह ट्रेन जॉइंट पार्सल प्रोडक्ट-रैपिड कार्गो सर्विस के तहत चलेगी। फिलहाल इस पार्सल ट्रेन को 31 मई 2026 तक ट्रायल आधार पर नियमित रूप से संचालित किया जाएगा। इस अवधि में व्यापारियों और उपयोगकर्ताओं की प्रतिक्रिया तथा मांग का मूल्यांकन किया जाएगा, जिसके आधार पर स्थायी सेवा के रूप में जारी रखने का निर्णय लिया जाएगा। निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार, ट्रेन संख्या 00462 बड़गाम से सुबह 6:15 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 5 बजे आर्दश नगर स्टेशन पहुंचेगी। यह सेवा कश्मीर से दिल्ली तक सामान पहुंचाने का तेज और भरोसेमंद विकल्प प्रदान करेगी, जिससे व्यापारियों को समय और लागत दोनों में लाभ मिलने की उम्मीद है। यात्रा के दौरान यह पार्सल ट्रेन बाड़ी ब्राह्मणा और अंबाला केंट स्टेशनों पर भी रुकेगी, जहां लोडिंग और अनलोडिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। विशेष रूप से बाड़ी ब्राह्मणा स्टेशन पर समय में बदलाव कर इस यव्यापारियों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाया गया है। रेलवे का मानना है कि इस नई सेवा से कश्मीर के उत्पादों जैसे फल, हस्तशिल्प और अन्य सामान को राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से भी सामान कश्मीर तक आसानी से भेजा जा सकेगा। यह पहल न केवल क्षेत्रीय व्यापार को गति देगी, बल्कि कश्मीर और देश के अन्य हिस्सों के बीच आर्थिक संबंधों को भी मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी। यदि ट्रायल सफल रहता है, तब आने वाले समय में इस तरह की और सेवाएं शुरू किए जाने की संभावना है। आशीष दुबे / 16 अप्रैल 2026