राष्ट्रीय
16-Apr-2026


शिमला(ईएमएस)। हिमाचल सरकार ने यौन उत्पीडऩ के आरोपों में गुरुवार को तीन सहायक प्रोफेसरों की सेवाएं समाप्त कर दीं। तीनों को अपने-अपने कॉलेजों में छात्राओं के साथ यौन उत्पीडऩ का दोषी पाया गया है। इसके बाद, सेक्रेटरी एजुकेशन राकेश कंवर ने पवन कुमार, अनिल कुमार और वीरेंद्र शर्मा को बर्खास्त कर दिया। घटना के वक्त सहायक प्रोफेसर (डांस-कथक) पवन कुमार फाइन आर्ट कॉलेज चौड़ा मैदान शिमला, सहायक प्रोफेसर (रसायन विज्ञान) अनिल कुमार राजकीय महाविद्यालय नादौन और सहायक प्रोफेसर (गणित) वीरेंद्र शर्मा राजीव गांधी डिग्री कॉलेज चौड़ा मैदान शिमला में तैनात थे। पवन कुमार पर 7वें सेमेस्टर की छात्रा ने यौन उत्पीडऩ के आरोप लगाए थे, जो कि विभागीय जांच में सही पाए गए। शिकायत के अनुसार, आरोपी कई महीनों से छात्रा को परेशान कर रहा था और जनवरी 2024 में उसे अपने घर ले जाकर गलत हरकत करने की कोशिश की। आरोपों में छात्राओं को घर बुलाना, छेड़छाड़ करना, बिना अनुमति कार्यक्रमों में ले जाना और पद का दुरुपयोग शामिल था। विनोद उपाध्याय / 16 अप्रैल, 2026