- गोता ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, चालक फरार अहमदाबाद (ईएमएस)| शहर में भारी वाहनों की बेकाबू रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। शहर के गोता ओवरब्रिज पर आज सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे ओवरब्रिज पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। मृतकों की पहचान विमल डोडिया और सुशील कुमार प्रसाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुशील कुमार ने एक मोबाइल ऐप के जरिए रैपिडो बाइक बुक की थी और वे उसी पर सवार होकर यात्रा कर रहे थे। बाइक चला रहे रैपिडो चालक विमल डोडिया और यात्री सुशील कुमार जब गोता ओवरब्रिज से गुजर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डंपर की गति काफी तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते यह दर्दनाक दुर्घटना हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने फरार डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर अहमदाबाद की सड़कों, खासकर ओवरब्रिज पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता फैल गई है। - सतीश/16 अप्रैल