राज्य
16-Apr-2026
...


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के पश्चिमी उपनगर मालाड स्टेशन पर इस साल 24 जनवरी को लोकल ट्रेन के अंदर हुए कॉलेज शिक्षक की हत्या के मामले में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने 250 पन्नों की चार्जशीट दाखिल कर दी है। यह चार्जशीट बोरीवली कोर्ट में पेश की गई है। इस मामले में जीआरपी ने सहयात्री ओंकार शिंदे को गिरफ्तार किया था, जिस पर आरोप है कि उसने 33 वर्षीय आलोक कुमार सिंह की एक छोटे चिमटे से वार कर हत्या कर दी। मृतक आलोक कुमार सिंह विले पार्ले स्थित नरसी मोनजी कॉलेज में जूनियर कॉलेज के शिक्षक थे। पुलिस के अनुसार, घटना के दिन ट्रेन से उतरने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गई। चार्जशीट में 63 लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं, जिनमें प्रत्यक्षदर्शी भी शामिल हैं। गवाहों में सिंह के सहकर्मी सुधीर कुमार त्रिवेदी का नाम भी शामिल है, जो घटना के समय उनके साथ यात्रा कर रहे थे। वहीं, स्टेशन मास्टर मोहम्मद नसरुल्लाह अंसारी भी गवाह हैं, जिन्होंने प्लेटफॉर्म पर घायल सिंह की मदद की थी। पुलिस ने चार्जशीट में सीसीटीवी फुटेज को भी सबूत के तौर पर शामिल किया है, जिसमें आरोपी शिंदे को ट्रेन के डिब्बे से निकलकर फुटओवर ब्रिज पार करते हुए स्टेशन से भागते हुए देखा गया है। हत्या में इस्तेमाल किया गया चिमटा भी पुलिस ने बरामद कर लिया है, जिसे जांच के लिए राज्य फॉरेंसिक लैब भेजा गया है। लैब की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। चार्जशीट में पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी शामिल है, जिसमें बताया गया है कि चिमटे के वार से आंत और मुख्य रक्त वाहिकाएं क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और सिंह की मौत हो गई। फिलहाल आरोपी ओंकार शिंदे न्यायिक हिरासत में है। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि भीड़ में किसी ने उसके बाल खींचे, जिसे उसने आलोक सिंह समझ लिया और गुस्से में हमला कर दिया। स्वेता/संतोष झा-१६ अप्रैल/२०२६/ईएमएस