उल्हासनगर, (ईएमएस)। खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उल्हासनगर शहर के एक पान दुकान पर छापा मारकर लाखों रुपये मूल्य का प्रतिबंधित सुगंधित पान मसाला और गुटखा बरामद किया गया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य फरार बताए जा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सह आयुक्त कार्यालय (कोंकण संभाग) में कार्यरत रंजीत हनुमंत माने (29) की शिकायत पर उल्हासनगर पुलिस ने कार्रवाई की। बुधवार को कैंप-1 स्थित सी ब्लॉक रोड, शहाड फाटक के पास स्थित ए-वन पान शॉप पर छापा मारा गया। छापेमारी के दौरान दुकान से बिक्री के लिए रखे गए करीब 5 लाख 5 हजार 658 रुपये मूल्य के प्रतिबंधित सुगंधित पान मसाला और गुटखा बरामद किया गया। अधिकारियों ने मौके से माल जब्त कर लिया। पुलिस ने इस मामले में अरबाज तासीर खान (26) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि लोकेश बजाज और मनीष यादव मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। फिलहाल उल्हासनगर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक आशीष पवार द्वारा की जा रही है। संतोष झा-१६ अप्रैल/२०२६/ईएमएस