राज्य
16-Apr-2026


:: प्रशासन का निर्णय : नर्सरी से आठवीं तक सुबह 7 से 12 तक लगेंगे स्कूल, आंगनवाड़ियों का समय भी बदला :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में सूरज के बढ़ते तेवरों और लगातार चढ़ते पारे को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों को राहत देने का निर्णय लिया है। भीषण गर्मी और लू के अंदेशे के बीच कलेक्टर शिवम वर्मा ने गुरुवार को स्कूलों और आंगनवाड़ियों के संचालन समय में परिवर्तन के आदेश जारी किए। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिले के समस्त शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में कक्षा नर्सरी से लेकर आठवीं तक का अध्यापन समय अब सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक रहेगा। हालांकि, बोर्ड और स्थानीय स्तर की परीक्षाएं अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही संचालित होंगी। दोपहर 12 बजे के बाद बच्चों की कक्षाएं लगाना प्रतिबंधित रहेगा। :: आंगनवाड़ियों के समय में भी कटौती :: बढ़ते तापमान का असर छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर न पड़े, इसके लिए आंगनवाड़ी केंद्रों के समय में भी संशोधन किया गया है। अब जिले की समस्त आंगनवाड़ियां सुबह 8:30 बजे से पूर्वाह्न 11:30 बजे तक ही संचालित होंगी। केंद्रों पर कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की अन्य विभागीय गतिविधियां पूर्ववत जारी रहेंगी। प्रशासन ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों और स्कूल प्रबंधनों को निर्देशित किया है कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। भीषण गर्मी को देखते हुए अभिभावकों ने भी प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत किया है। प्रकाश/16 अप्रैल 2026