:: इंदौर जिले ने हासिल किया 69 प्रतिशत का लक्ष्य, ग्रीष्मकालीन अवकाश में भी जारी रहेगा अभियान :: इंदौर (ईएमएस)। जिले की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर के खतरों से सुरक्षित करने के लिए संचालित एचपीवी टीकाकरण अभियान ने अपनी रफ्तार पकड़ ली है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के तहत जिले में अब तक 22 हजार 657 किशोरियों का टीकाकरण किया जा चुका है। यह निर्धारित लक्ष्य का लगभग 69 प्रतिशत है। टीकाकरण की महत्ता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के दल शासकीय व निजी शिक्षण संस्थानों में पहुँचकर किशोरियों और उनके अभिभावकों को परामर्श दे रहे हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने बताया कि मार्च माह में परीक्षाओं के कारण अभियान की गति कुछ धीमी अवश्य हुई थी, लेकिन अब नियमित सत्रों के माध्यम से इसे व्यापक जन-समर्थन मिल रहा है। स्कूल प्रबंधन और अभिभावक भी इस स्वास्थ्य सुरक्षा चक्र को लेकर जागरूक हुए हैं। :: भ्रांतियों का निवारण कर रही टीमें :: जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. तरुण गुप्ता के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग की टीमें मैदान में सक्रिय हैं और टीकाकरण से जुड़ी हर जिज्ञासा का समाधान कर रही हैं। स्कूलों में डिजिटल प्रस्तुतीकरण के माध्यम से एचपीवी वायरस के खतरों और टीके के फायदों के बारे में बताया जा रहा है। शहरी और ग्रामीण दोनों ही क्षेत्रों में अधिकारियों द्वारा सत्रों का निरंतर निरीक्षण और पर्यवेक्षण (सुपरविजन) किया जा रहा है, ताकि प्रक्रिया सुचारू बनी रहे। :: कैंसर से बचाव की पहल :: विशेषज्ञों के अनुसार, किशोरियों के लिए यह टीका भविष्य में होने वाले जानलेवा कैंसर से बचाव का सबसे प्रभावी साधन है। प्रशासन को उम्मीद है कि समन्वित प्रयासों से जल्द ही शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य प्राप्त कर लिया जाएगा। वर्तमान में टीकाकरण की यह गति जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति सजगता को दर्शाती है। प्रकाश/16 अप्रैल 2026