वाशिंगटन (ईएमएस)। अमेरिका के लाखों लोग कनाडा की नागरिकता लेने में जुटे हैं। नया कानून, बेहतर हेल्थकेयर, सुरक्षित माहौल और मजबूत पासपोर्ट इसकी बड़ी वजह हैं। कई लोग इसे भविष्य के “बैकअप प्लान” के रूप में देख रहे हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत विकल्प मिल सके। अमेरिका के लाखों लोग इन दिनों देश छोड़ कर भाग रहे हैं । वजह है कनाडा का नया कानून जिसके तहत अमेरिकी वहां की नागरिकता लेने की तरफ तेजी से बढ़ रहे हैं। यह कानून दिसंबर 2025 में लागू किया गया है। इस कानून के तहत जिन लोगों के माता-पिता, दादा-दादी या पूर्वज कभी कनाडा के नागरिक रहे हैं, वे आसानी से नागरिकता पाने के पात्र बन सकते हैं। इससे अमेरिका में रहने वाले लाखों लोगों के लिए रास्ता खुल गया है। अमेरिका के नागरिक फिलहाल कनाडा जाकर बसना नहीं चाहते, लेकिन वे इसे एक “बैकअप प्लान” के तौर पर देख रहे हैं। उनका मानना है कि अगर भविष्य में राजनीतिक, आर्थिक या सामाजिक हालात बदलते हैं, तो उनके पास तुरंत कनाडा जाने का विकल्प मौजूद रहेगा। यही कारण है कि लोग अभी से कागजी प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं। कनाडा की ओर आकर्षण का एक बड़ा कारण वहां की बेहतर जीवनशैली है। कनाडा में हेल्थकेयर सिस्टम सस्ता और मजबूत माना जाता है। इसके अलावा कनाडा में सुरक्षा, सामाजिक स्थिरता और शांत माहौल भी लोगों को आकर्षित करता है। आर्थिक कारण भी इस ट्रेंड को बढ़ा रहे हैं। कनाडाई नागरिकता मिलने के बाद व्यक्ति को वहां रहने, काम करने और प्रॉपर्टी खरीदने की पूरी आजादी मिल जाती है। कई लोग इसे निवेश और बेहतर लाइफस्टाइल के अवसर के रूप में भी देख रहे हैं। साथ ही कनाडा का पासपोर्ट दुनिया के सबसे मजबूत पासपोर्ट्स में गिना जाता है, जिससे कई देशों में वीजा-फ्री यात्रा संभव होती है। परिवार का भविष्य भी एक अहम वजह बनकर सामने आया है। लोग चाहते हैं कि उनके बच्चों को बेहतर शिक्षा, सुरक्षित माहौल और अच्छे करियर के अवसर मिलें। कनाडाई नागरिकता मिलने के बाद यह सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो जाती हैं और इसका फायदा आने वाली पीढ़ियों को भी मिलता है। सुबोध/१६ -०४-२०२६