मनोरंजन
17-Apr-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव अपनी आगामी फिल्म भूत-बंगला के प्रमोशन में जोर-शोर से जुटे हैं, जो 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। हालांकि, कम ही लोग जानते हैं कि इस फिल्म के साथ राजपाल यादव की बेहद गहरी और भावुक यादें जुड़ी हुई हैं, और इसी फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें अपने जीवन का सबसे बड़ा झटका भी लगा था। राजपाल यादव के लिए भूत-बंगला सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक बेहद खास प्रोजेक्ट है। सालों बाद उन्हें अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन जैसे अपने पसंदीदा साथियों के साथ काम करने का मौका मिला था, जिसके लिए वह बेहद उत्साहित थे। लेकिन इसी फिल्म की शूटिंग के समय वे भावनात्मक रूप से बहुत कमजोर महसूस करने लगे थे। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि भूत-बंगला की शूटिंग के दौरान उन्होंने अपने पिताजी को गंभीर बीमारी से जूझते हुए देखा और फिर उनका दुखद निधन हो गया। यह उनके लिए एक अत्यंत कठिन दौर था, जहां एक तरफ निजी जीवन में गहरा दुख था और दूसरी तरफ उन्हें कॉमेडी फिल्म के सेट पर हंसी-मजाक का माहौल बनाए रखना था। राजपाल यादव ने अपने हालिया यूट्यूब व्लॉग में इस दर्दनाक अनुभव का खुलासा करते हुए बताया, अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन के साथ शूटिंग करना ऐसा है कि भूख मिटती नहीं है बल्कि बढ़ जाती है। उन्होंने आगे बताया कि, इसी फिल्म के दौरान मेरे पिता अस्पताल में भर्ती हुए थे। उनकी तबीयत बहुत गंभीर थी और दूसरी तरफ फिल्म की शूटिंग चल रही थी। अपने पिता के निधन के बाद भी, राजपाल यादव ने अपनी पेशेवर प्रतिबद्धता को बखूबी निभाया। उन्होंने कहा, कुछ दिनों बाद पिताजी का निधन हो गया लेकिन फिर दोबारा शूटिंग पर आकर हंसी का माहौल और शूटिंग की। उन्होंने यह भी बताया कि सेट पर उन्हें कभी महसूस नहीं हुआ कि उनके साथ ऐसा कुछ हुआ है, क्योंकि सालों बाद अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन के साथ काम करने का मौका मिला था और सेट पर मौजूद सभी लोगों से उन्हें भरपूर समर्थन मिला। इस माहौल ने उन्हें अपने दुख को कुछ हद तक भूलने और अपने काम पर ध्यान केंद्रित करने में मदद की। इससे पहले भी राजपाल यादव खुद एक दिलचस्प वाकये का खुलासा कर चुके हैं, जब प्रियदर्शन ने पहली ही मुलाकात में उनके कपड़े फाड़ दिए थे। उन्होंने बताया था कि फिल्म जंगल के बाद प्रियदर्शन ने उन्हें पहली बार मिलने के लिए बुलाया था। उस वक्त उन्हें लगा था कि इतना बड़ा डायरेक्टर क्यों बुलाएगा, लेकिन फिर उन्होंने प्रियदर्शन के ऑफिस में मुलाकात की। वहां प्रियदर्शन ने उनकी शर्ट को आगे से पकड़ा और अचानक फाड़ दिया। फिर उनसे कहा कि प्लेन की तरह दोनों हाथ फैलाकर दौड़ें। राजपाल यादव को पहले यह अजीब लगा, लेकिन असल में वहीं उनके किरदार की आत्मा थी। सुदामा/ईएमएस 17 अप्रैल 2026