मुम्बई (ईएमएस)। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज पैट कमिंस अपनी चोट से उबर गये हैं और आईपीएल में अपनी टीम सनराइजर्स हैदराबाद से शीघ्र ही खेलते दिख सकते हैं। कमिंस के 25 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच से इस सत्र में वापसी की उम्मीद है। कमिंस के आने से अपनी कमजोर गेंदबाजी के कारण परेशान सनराइजर्स की मुश्किलें समाप्त हो जाएंगी। कमिंस के नहीं होने से अभी टीम ईशान किशन की कप्तानी में खेल रही है। कमिंस अगर वापसी करने में सफल रहते है तो टीम के जीतने की संभावनाएं बढ़ जाएंगी। कमिंस की वापसी सनराइजर्स हैदराबाद के लिए एक बड़ी राहत है, जो उन्हें प्लेऑफ की दौड़ में आगे बढ़ने और संभावित रूप से खिताब की ओर बढ़ने में मदद कर सकती है। अब तक ईशान की कप्तानी में टीम ने पांच मैचों में तीन जीत और दो हार के साथ तालिका में चौथे स्थान पर है। वहीं कमिंस की वापसी के साथ, ईशान के पास अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान देने का अवसर रहेगा। जिससे टीम की बल्लेबाजी और मजबूत होगी। कमिंस के टीम से जुड़ने से टीम को एक अनुभवी कप्तान और तेज गेंदबाज मिल जाएगा। उनका मैदान पर होना टीम के मनोबल को बढ़ाएगा और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।कमिंस पिछले साल अगस्त में कमर की हड्डी में स्ट्रेस फ्रैक्चर से जूझ रहे थे, जिसके कारण उन्हें पीठ में लगातार दर्द रहता था। इस चोट के कारण ही वह इंग्लैंड के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की घरेलू एशेज सीरीज में भी भी केवल एक मैच ही खेल पाये थे। एक तरफ जहाँ कमिंस अपनी चोट से उबरकर मैदान पर लौटने को तैयार हैं, वहीं ऑस्ट्रेलिया के ही मिचेल स्टार्क अभी भी कंधे और कोहनी की चोट नहीं उबर पाये हैं और उनकी वापसी टल गयी है। गिरजा/ईएमएस 17अप्रैल 2026