बेंगलुरु (ईएमएस)। आईपीएल के इस सत्र में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के लिए शानदार प्रदर्शन कर रहे जम्मू कश्मीर के 26 वर्षीय तेज गेंदबाज रसिख सलाम डार टीम के भरोसे पर खरे उतरे हैं। इस खिलाड़ी ने साबित किया है कि अगर किसी खिलाड़ी पर लगातार भरोसा किया जाए, तो वह असाधारण परिणाम दे सकता है। रसिख सलाम के आईपीएल करियर की शुरुआत 2019 में हुई थी, जब मुंबई इंडियंस ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया। उस सीजन उन्हें सिर्फ एक मैच खेलने का मौका मिला और अगले ही सत्र में उन्हें टीम ने रिलीज कर दिया। इसके बाद साल 2022 में, कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने उन्हें शामिल किया पर वहां भी उन्हें केवल दो मैच खेलने को मिले, जिसके बाद केकेआर ने भी उन्हें रिलीज कर दिया। आईपीएल 2024 में उन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने लिया। इसमें उन्होंने आठ मैचों में नौ विकेट लिए। बावजूद इसके, मुंबई और कोलकाता के बाद दिल्ली ने भी रसिख को रिलीज कर दिया गया। ऐसे में साल 2025 में आरसीबी ने इस गेंदबाज को अवसर दिया। आरसीबी ने रसिक की प्रतिभा को देखते हुए उन्हें इस सत्र में भी बनाये रखा। रसिक ने भी इस भरोसे को सही साबित किया है। इस सत्र में इस तेज गेंदबाज ने अब तक केवल दो मैचों में पांच विकेट लिए हैं, जो उनकी शानदार फॉर्म को दिखाता है। चिन्नास्वामी स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेले गए महत्वपूर्ण मुकाबले में, रसिख ने चार ओवर में केव 24 रन देकर चार विकेट लिए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उनका यह प्रदर्शन न केवल निर्णायक था, बल्कि यह भी साबित करता है कि वे बड़े मैचों में दबाव को झेलने की क्षमता रखते हैं। रसिख की गेंदबाजी में विविधता और चतुराई उन्हें अन्य तेज गेंदबाजों से अलग बनाती है। लखनऊ के खिलाफ अपने 24 गेंदों के स्पेल में से लगभग 10 गेंदें उन्होंने धीमी गति की फेंकी, जो उनकी परिपक्वता और खेल की समझ को दिखाती है। आरसीबी ने उनकी इसी खास विशेषता को पहचाना और उसे निखारा है। अब यह युवा खिलाड़ी आरसीबी की तेज गेंदबाजी आक्रमण का एक अहम हिस्सा बन गया है। गिरजा/ईएमएस 17अप्रैल 2026