- सेंसेक्स 109 चढ़कर खुला, निफ्टी 24165 के स्तर पर मुंबई (ईएमएस)। हफ्ते के अंतिम कारोबारी सत्र शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत मिलीजुली रही। एशियाई बाजारों में गिरावट के बावजूद, घरेलू बाजार को एफएमसीजी सेक्टर की कंपनियों में खरीदारी से कुछ समर्थन मिला। हालांकि, अमेरिका और ईरान के बीच चल रही भू-राजनीतिक वार्ताओं को लेकर अनिश्चितता के चलते निवेशक सतर्क रुख अपनाए हुए हैं और अधिक स्पष्टता का इंतजार कर रहे हैं। शुक्रवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का तीस शेयरों वाला सेंसेक्स मामूली बढ़त के साथ 77,976.13 अंक पर खुला। पिछले कारोबारी दिन यह 77,988 अंक पर बंद हुआ था। सुबह 9:33 बजे तक सेंसेक्स 95.38 अंक की तेजी के साथ 78,084.06 पर कारोबार कर रहा था। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 लगभग सपाट 24,165 अंक पर खुला। सुबह 9:35 बजे यह 12.40 अंक की मामूली गिरावट के साथ 24,184.35 पर ट्रेड कर रहा था, जिससे बाजार में शुरुआती उतार-चढ़ाव साफ दिख रहा था। बाजार पर अमेरिका और ईरान के बीच चल रही भू-राजनीतिक गतिविधियों का गहरा असर दिख रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दोहराया कि ईरान के साथ चल रहे संघर्ष का जल्द अंत होना चाहिए। गुरुवार को उन्होंने यह भी घोषणा की कि लेबनान और इजराइल 10 दिनों के युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, इजराइल द्वारा लेबनान पर हमले रोकना, ईरान की उन मुख्य शर्तों में से एक थी जिसके बाद वह युद्ध समाप्त करने पर सहमत हुआ। इन घटनाक्रमों के बीच, अमेरिका और ईरान के अधिकारी इस मुद्दे पर आगे चर्चा करने के लिए सप्ताहांत में बैठक करने वाले हैं, जिस पर निवेशकों की पैनी नजर है। सतीश मोरे/17अप्रैल ---