व्यापार
21-Apr-2026
...


- सोना 153,736 रुपए प्रति 10 ग्राम, चांदी 250,925 रुपए प्रति किलोग्राम नई ‎दिल्ली (ईएमएस)। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर मंगलवार के कारोबार में सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। डॉलर की मज़बूती और निवेशकों द्वारा की गई मुनाफ़ावसूली के चलते सोने के दाम गिरे हैं। वहीं अमेरिका और ईरान के बीच संभावित बातचीत को लेकर बनी अनिश्चितता के कारण कच्चे तेल की ऊँची कीमतें भी सोने पर दबाव डाल रही हैं। चांदी की कीमतों में भी नरमी देखी गई। सुबह 10:30 बजे के आसपास एमसीएक्स पर सोने का जून वायदा 207 रुपए गिरकर 153,736 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। वहीं चांदी का मई वायदा भी 1,620 रुपए की कमजोरी के साथ 250,925 रुपए प्रति किलोग्राम के स्तर पर था। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार बढ़ते अमेरिकी डॉलर और कच्चे तेल की ऊँची कीमतें सोने-चांदी को अस्थिर बनाए हुए हैं। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल का व्यापार डॉलर में होने से, इसकी बढ़ती कीमतें डॉलर की मांग बढ़ाती हैं, जिससे सोने पर दबाव आता है। ब्रेंट क्रूड लगभग 95 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बना हुआ है, जो बाज़ार की चिंताओं को बढ़ा रहा है। फरवरी के अंत में अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ने के बाद से सोने में लगभग 9 फीसदी और चांदी में 14 फीसदी की गिरावट आई है, क्योंकि डॉलर एक सुरक्षित निवेश के रूप में उभरा है। सतीश मोरे/21अप्रैल ---