इन्दौर (ईएमएस) शहर में यातायात पुलिस ने ट्राफिक व्यवस्था को सुधारने के नाम पर जो हेलमेट अभियान चला रखा है उसे चोरों ने अपनी वारदात का हथियार बना लिया और पहचान उजागर न हो इसकी कोशिश में हेलमेट लगा दो दुकानों में चोरी को अंजाम दे दिया। हालांकि पुलिस दुकान और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगालते चोरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। मामला विजयनगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार स्कीम नंबर 54 स्थित एक दुकान में आज अलसुबह हेलमेट पहने बदमाश ने शटर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद पास की एक गिफ्ट शॉप को भी अपना निशाना बनाया। हैलमेट पहनकर इन चोरों ने पहले राकेश व्यास की दुकान का शटर तोड़ा और दराज में रखे करीब 12 हजार रुपए और अन्य सामान चोरी करने के बाद पास में स्थित विजय शिवहरे की सेलिब्रेशन गिफ्ट एंड टॉयज दुकान का ताला तोड़कर करीब 4 हजार रुपए, परफ्यूम और अन्य सामान ले उड़े। पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है। आनंद पुरोहित/ 17 अप्रैल 2026