खेल
17-Apr-2026


मुम्बई (ईएमएस)। पंजाब किंग्स क्रिकेट टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने लक्ष्य का पीछा करने के मामले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली को भी पीछे छोड़ दिया है। श्रेयस ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में अपनी टीम को जीत दिलाने के दौरान 66 रनों की पारी खेलकर विराट को पीछे छोड़ा। इसी के साथ ही आईपीएल 2024 से अब तक लक्ष्य का सफल पीछा करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में श्रेयस ने विराट कोहली को भी पीछे छोड़ दिया है। आईपीएल 2024 से लेकर अब तक के मुकाबलों को देखा जाये तो लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रेयस ने विराट से अधिक रन बना दिये हैं। उन्होंने 14 पारियों में कुल 621 रन बनाए हैं। वहीं इस सूची में अब विराट दूसरे नंबर पर खिसक गये हैं। विराट ने 2024 से अब तक आईपीएल में लक्ष्य का सफलता से पीछा करते हुए 11 पारियों में 618 रन बनाए हैं। जोस बटलर 11 पारियों में 549 रन बनाककर तीसरे जबकि प्रभसिमरन सिंह 14 पारियों में 500 रन बनाकर चौथे नंबर पर हैं। प्रभसिमरन ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में पंजाब किंग्स की ओर से सबसे अधिक 80 रन बनाये थे। ईएमएस 17अप्रैल 2026