- उपज बेचने आए किसानों ने बीच मैदान में खेला मौत का खेल! दशहरा मैदान में दो ट्रैक्टरों के बीच महायुद्ध, हवा में उछले पहिए और तालियां बजाती रही भीड़!, उपज बेचने आए किसानों का जानलेवा स्टंट गुना (ईएमएस) । जिले में इन दिनों मंडी में उपज बेचने पहुंचे किसानों के बीच एक खतरनाक ट्रेंड देखने को मिल रहा है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बंपर आवक के चलते ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को दशहरा मैदान में खड़ा कराया जा रहा है, लेकिन यहीं कुछ किसान ट्रैक्टरों के साथ जानलेवा स्टंट करते नजर आ रहे हैं। यह नजारा अब लोगों के लिए तमाशा बन गया है, जबकि यह कभी भी बड़े हादसे में बदल सकता है। दरअसल, यहां ट्रैक्टर चालक अपने वाहनों की ताकत दिखाने के लिए जोखिम भरे करतब कर रहे हैं। खास बात यह है कि इस दौरान ट्रैक्टर के अगले पहिए हवा में उठाने के बजाय दो ट्रैक्टरों के पिछले हिस्से को एक टायर के सहारे आपस में जोड़ दिया जाता है। इसके बाद दोनों चालक तेज रफ्तार में रेस देकर एक-दूसरे को खींचने की कोशिश करते हैं। इस दौरान ट्रैक्टर झटके खाकर उछलते हैं और नियंत्रण बिगड़ने का खतरा लगातार बना रहता है। इस खतरनाक खेल को देखने के लिए बड़ी संख्या में किसान और अन्य लोग आसपास खड़े होकर तालियां बजाते नजर आते हैं। ज्यादातर लोग इसे मनोरंजन के रूप में देख रहे हैं, लेकिन जरा सी चूक जानलेवा साबित हो सकती है। अगर टायर फट जाए या जुड़ा हुआ हिस्सा टूट जाए, तो आसपास मौजूद लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। मंडी में भारी आवक के कारण प्रशासन ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को व्यवस्थित करने के लिए वैकल्पिक स्थान तय किया था, लेकिन वहां इस तरह के स्टंट होने से व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। हैरानी की बात यह है कि खुलेआम चल रहे इस जोखिम भरे खेल पर न तो पुलिस की नजर है और न ही प्रशासन की ओर से कोई सख्ती दिखाई दे रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और मंडी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके। - सीताराम नाटानी