राजगढ़(ईएमएस)l विकासखण्ड राजगढ़ में तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थानों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु शुक्रवार को होटल लीला पेलेस में एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण का संचालन एमपीवीएचए के आनंद वर्मा द्वारा किया गया। जिसमें विकासखंड के समस्त शासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की जिला नोडल अधिकारी डॉ. अंतिमा मेवाड़े द्वारा की गई। प्रशिक्षण के दौरान तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान दिशा-निर्देशिका के विभिन्न प्रावधानों, कानूनी पहलुओं तथा संस्थानों में इनके प्रभावी क्रियान्वयन की रणनीतियों पर विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, विद्यालय परिसरों को तंबाकू मुक्त बनाने, विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने एवं निरीक्षण एवं अनुपालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में टीसीसी परामर्शदाता सुश्री तनु अनंत ने तंबाकू की लत छोड़ने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राचार्यों के साथ साझा की तथा तंबाकू निवारण परामर्श केंद्र की सेवाओं एवं उसकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया। डॉ. मेवाड़े ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय स्तर पर तंबाकू नियंत्रण की पहल से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्राचार्यों ने अपने-अपने संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने हेतु सक्रिय प्रयास करने का संकल्प लिया। -निखिल/राजगढ़/17/4/2026