17-Apr-2026
...


-हरिवंश तीसरी बार बने राज्यसभा के उपसभापति, खड़गे ने बधाई देकर सरकार को घेरा नई दिल्ली,(ईएमएस)। हरिवंश नारायण सिंह को तीसरी बार राज्यसभा का उपसभापति बनने के मौके पर बधाई देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपनी परेशानी बताई। उन्‍होंने कहा कि संसद में आते एक ताले को देखकर दुख होता है। उन्होंने सरकार से बंद ताला खोलने का अनुरोध किया। हरिवंश नारायण सिंह निर्विरोध चुनाव जीत गए। विपक्ष की ओर से कोई उम्मीदवार नहीं उतारा गया। इस मौके पर राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उन्‍हें बधाई देते हुए लोकसभा डिप्टी स्पीकर पद को लेकर केंद्र सरकार घेरा। उन्‍होंने कहा कि जिस तरह संविधान के मुताबिक राज्यसभा उपसभापति का चुनाव हुआ, उसी तरह अनुच्छेद 93 के तहत लोकसभा डिप्टी स्पीकर का चुनाव भी होना चाहिए। उन्‍होंने कहा कि आप भाग्‍यशाली हैं, तुरंत इस पद के लिए चुने गए हैं। आप पद ग्रहण करने वाले मनोनीत सदस्‍य हैं। खड़गे ने सदन में भावुक होते हुए कहा कि एक बात की तकलीफ होती है। जब भी गेट नंबर सात से जाता हूं तो लोकसभा के डिप्‍टी स्‍पीकर के कमरे का बंद ताला देखकर दुख होता है। यह कक्ष में मेरे बगल में है। 2019 से अब तक यह बंद ही है। सात साल होने के बाद भी डिप्‍टी स्‍पीकर का चुनाव नहीं हुआ है1 उन्‍होंने कहा कि यहां पर प्रजातंत्र की बात होती है, लेकिन यहां पर चुनाव नहीं हो रहा है। खड़गे ने कहा कि डिप्टी स्पीकर का पद संवैधानिक पद है और इसे खाली रखना लोकतंत्र की भावना के खिलाफ है। उन्होंने अनुरोध किया कि जल्द से जल्द लोकसभा डिप्टी स्पीकर का चुनाव कराया जाए। विपक्ष के सदस्‍यों का भी ख्‍याल रखना चाहिए। उन्होंने बताया कि जब वहां से गुजरते हैं तो वहां मौजूद अधिकारियों पूछते हैं कि यह ताला कब खुलेगा। क्या इस ताला को खोलने के लिए ‘खुल जा सिम-सिम’ कहना पड़ेगा? सिराज/ईएमएस 17अप्रैल26