- भीषण गर्मी में पठन-पाठन मुश्किलः गैस सिलेण्डर न मिलने से मध्यान्ह भोजन प्रभावित बस्ती (ईएमएस)। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष चन्द्रिका सिंह व मंत्री बालकृष्ण ओझा के नेतृत्व में शुक्रवार को शिक्षकों ने भीषण गर्मी के चलते विद्यालय समय परिवर्तन तथा मध्यान्ह भोजन के लिए गैस आपूर्ति न हो पाने के संबंध में जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन उनके प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। ज्ञापन सौंपते हुए जिलाध्यक्ष और जिला मंत्री ने बताया कि वर्तमान समय में तापमान बढ़ता जा रहा है परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को अपराह्न दो बजे तक बैठाकर पठन-पाठन करना संभव नहीं हो पा रहा है। अधिकांश विद्यालयों में विद्युत आपूर्ति भी नहीं है तथा जिन विद्यालयों में विद्युत आपूर्ति है वहां भी दोपहर में लाइट नहीं रहती है, जिससे बच्चों को गर्मियों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिला कोषाध्यक्ष दुर्गेश यादव व जिला उपाध्यक्ष सुधीर तिवारी ने बताया कि विद्यालय में बच्चों को दिए जाने वाले मध्यान्ह भोजन बनाने में भी अत्यधिक समस्या उत्पन्न हो रही है । गैस एजेंसियों द्वारा गैस की आपूर्ति विद्यालयों पर समय से न किए जाने तथा बच्चो की संख्या अधिक होने पर एक माह में एक ही सिलेंडर दिए जाने से भी विद्यालयों में भोजन बनने में समस्या उत्पन्न हो रही है। शिक्षक दिन भर गैस के लाइनों में लगा रहता है तब जाकर कहीं गैस की आपूर्ति हो पा रही है। शिक्षकों द्वारा डीएम से मांग किया गया कि बच्चों के भोजन को प्राथमिकता के आधार पर दृष्टिगत रखते हुए विद्यालयों को गैस उपलब्ध कराया जाए और विद्यालयों की लिमिट भी बढ़ाई जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से ब्लॉक अध्य्क्ष हरेन्द्र यादव, सनद पटेल, सुरेश गौड़, अशोक यादव, जिला उपाध्यक्ष उमाकांत शुक्ला, प्रवीण श्रीवास्तव,संजय यादव, अविनाश दुबे, अनिल पाठक,वेद उपाध्याय, विवेक प्रताप सिंह, दीपचंद कनौजिया, उमाशंकर पाण्डेय, विजय यादव, संतोष मिश्रा, शिव प्रकाश सिंह व अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। ईएमएस / 17 अप्रैल 26