क्षेत्रीय
17-Apr-2026
...


राजगढ़(ईएमएस)l प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजगढ़ की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए महाविद्यालय परिसर के विभिन्न स्थानों पर पक्षियों के लिए सकोरे (जल पात्र) स्थापित किए गए। यह सराहनीय पहल संस्था के प्राचार्य डॉ. वी.बी. खरे के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में संपन्न हुई। गर्मी के दिनों में बढ़ते तापमान और जल संकट के कारण पक्षियों के जीवन पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, वर्ष 1980 के बाद से उष्णकटिबंधीय क्षेत्रों में पक्षियों की संख्या में 25 से 38 प्रतिशत तक की कमी दर्ज की गई है, जिसमें अत्यधिक गर्मी एक प्रमुख कारण है। ऐसे में एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा किया गया। यह प्रयास न केवल पक्षियों के लिए जीवनदायी है, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। कार्यक्रम के अंतर्गत स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय परिसर में विभिन्न स्थानों पर सकोरे रखकर उनमें नियमित रूप से जल भरने की जिम्मेदारी भी ली। इस पहल का उद्देश्य लोगों को प्रेरित करना है कि वे भी अपने घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में ऐसे छोटे-छोटे प्रयास कर पक्षियों के जीवन की रक्षा में योगदान दें। कार्यक्रम का सफल संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शैलेंद्र कुमार मेवाड़े के संयोजन में किया गया। यह पहल एक छोटे प्रयास के रूप में शुरू होकर एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान का रूप ले सकती है, जिससे अधिक से अधिक लोग जुड़कर पर्यावरण संरक्षण और जीव-जंतुओं की रक्षा में योगदान दे सकें। -निखिल/राजगढ़/17/4/2026