क्षेत्रीय
17-Apr-2026
...


जबलपुर, (ईएमएस)। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड ने “साधना सप्ताह 2026” के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की सभी विद्युत कंपनियों में प्रथम स्थान प्राप्त कर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का गौरव हासिल किया है। 2 से 10 अप्रैल तक आयोजित “साधना सप्ताह 2026” देश के सबसे बड़े सिविल सेवा क्षमता निर्माण अभियानों में से एक है, जिसका उद्देश्य नागरिकों के प्रति उत्तरदायी एवं सेवा-उन्मुख शासन के लिए आवश्यक कौशलों का विकास करना है। क्या है साधन सप्ताह?....... “साधना सप्ताह” मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत संचालित एक प्रमुख पहल है, जिसे राष्ट्रीय सिविल सेवा क्षमता निर्माण कार्यक्रम के रूप में जाना जाता है। इसका उद्देश्य देश के सभी शासकीय कर्मचारियों को नियम-आधारित प्रणाली से आगे बढ़कर दक्षता एवं भूमिका-आधारित, पारदर्शी एवं नागरिक-केंद्रित प्रशासनिक तंत्र का निर्माण करना है। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के कुल 3,517 पंजीकृत कर्मयोगियों ने इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए कुल 26882 पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण किए। इन पाठ्यक्रमों में कार्मिकों ने खासतौर पर आर्टिफिशियल इन्टेलिजन्स से संबंधित कोर्स के प्रति विशेष रुझान दिखाया और सैकड़ों कार्मिकों ने एआई दक्ष होने का प्रशस्ति पत्र भी प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि कंपनी ने राज्य शासन के उन शीर्ष 20 विभागों में भी स्थान प्राप्त किया, जिन्होंने इस विशाल शिक्षण पहल का सर्वाधिक लाभ उठाया। सुनील साहू / मोनिका / 17 अप्रैल 2026