क्षेत्रीय
17-Apr-2026
...


- खरीदी केंद्रों में न बारदाना न कांटा, सर्वर डाउन का बहाना जबलपुर, (ईएमएस)। जिले में गेहूं उपार्जन का काम शुरु हुए तीन दिन बीत चुके हैं, 15 अप्रैल से गेहूं की खरीदी का काम शुरु हुआ था लेकिन खरीदी केंद्रों में न बारदाना न तुलाई के लिए कांटा| खरीदी केंद्रों में पहुंच रहे किसान परेशान हो रहे हैं| सरकारी सिस्टम पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है| सर्वर डाउन होने के कारण स्लॉट बुकिंग नहीं हो रही हैं| कई जगह पर व्यवस्था नहीं होने से किसान परेशान हैं। खरीदी केंद्रों के बाहर किसानों की भीड़ बढ़ रही है, लेकिन सिस्टम की खामियों ने उनकी मेहनत को रोककर रख दिया है। बहाना यह है कि सर्वर डाउन .............. किसानों का आरोप है कि सर्वर डाउन होने की वजह से उनकी स्लॉट बुकिंग नहीं हो पा रही हैं| बार बार कोशिश करने पर सर्वर फैल हो जाता है। इससे गुस्साए किसान अब इसे सिर्फ तकनीकी दिक्कत नहीं, बल्कि सरकार और प्रशासन की नाकामी बता रहे हैं। लगातार खरीदी की तारीख बढ़ती गई, इसके बावजूद भी प्रशासनिक तैयारियां भगवान भरोसे छोड़ दी गई| अब बारदाना, कांटा और सर्वर की समस्याएं सामने आ रही हैं| पाटन, शहपुरा, पनागर, मझौली, बरगी क्षेत्र के किसानो का कहना है कि हमने कर्ज लेकर फसल लगाई थी बैंक सहित व्यापारियों द्वारा कर्ज चुकाने का दबाव बनाया जा रहा है| लिहाजा किसान बिचौलियों को सस्ते दाम पर गेहूं बेचने के लिए विवश है। प्रदर्शन की चेतावनी............ गेहूं खरीदी में सिस्टम की नाकामी खुलकर सामने आई है| किसानों की नाराजगी अब धरना प्रदर्शन की ओर बढ़ रही है| किसान संगठनों का कहना है कि अगर जल्द समस्या हल नहीं हुई तो वे सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। जहां इस समय ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की कतारें लगनी चाहिए थीं, वहां सन्नाटा पसरा हुआ है। किसान इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सिस्टम आगे बढ़ने का नाम नहीं ले रहा। हर साल बेहतर व्यवस्था के दावे करने वाली सरकार इस बार भी शुरुआती दौर में ही फेल होती नजर आ रही है।किसानों ने साफ कह दिया है कि अगर तत्काल सर्वर समस्या ठीक नहीं की गई और स्लॉट बुकिंग शुरू नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। सुनील साहू / मोनिका / 17 अप्रैल 2026/ 06.:/