- शाजापुर के परिवेश में रची-बसी है फिल्म, स्थानीय कलाकारों के साथ मुंबई के सितारों ने बिखेरा अभिनय का जलवा इंदौर (ईएमएस)। पारंपरिक सिनेमाई ढर्रे से हटकर पाटीदार प्रोडक्शन की आगामी फिल्म जख्मी परिंदा दर्शकों को एक नया अनुभव देने के लिए तैयार है। यह फिल्म आगामी 24 अप्रैल को देश भर के 250 सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को सेंसर बोर्ड से हरी झंडी मिल चुकी है। शुक्रवार को इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में फिल्म के निर्माता, निर्देशक और मुख्य अभिनेता रामेश्वर चौधरी ने बताया कि जख्मी परिंदा का निर्माण एक अलग दृष्टिकोण के साथ किया गया है। उन्होंने कहा, फिल्म की कहानी में रोमांस, कॉमेडी और एक्शन का संतुलित पैकेज है, जो हर वर्ग के दर्शकों को पसंद आएगा। इसकी अधिकांश शूटिंग शाजापुर के वास्तविक लोकेशन्स पर की गई है, जो फिल्म को यथार्थवादी बनाता है। :: सामाजिक और भावनात्मक पहलुओं का संगम :: फिल्म के निर्देशक राजू चौहान ने बताया कि फिल्म में मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक ताने-बाने को प्रमुखता दी गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक फिल्म के किरदारों और कहानी से खुद को जोड़ पाएंगे। फिल्म में रामेश्वर चौधरी के साथ कीर्ति वर्मा, कल्पना साहनी, मोनू गुर्जर, शिवानी बिजोरिया और शुभम चक मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। संगीत अनिल राय ने दिया है, जबकि सुरीली आवाज ऋतु पाठक की है। :: स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन की अपील :: रामेश्वर चौधरी ने फिल्म प्रेमियों से अपील की कि वे सिनेमाघरों में जाकर फिल्म देखें। उन्होंने कहा, स्थानीय कलाकारों और लेखकों का यह एक गंभीर प्रयास है। दर्शकों का समर्थन ही ऐसी फिल्मों को संबल प्रदान करता है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी पाटीदार प्रोडक्शन ने एक अनाथ बच्चे के संघर्षों को आधार बनाकर फिल्म बनाई थी, जिसे काफी सराहा गया था। प्रकाश/17 अप्रैल 2026