अंतर्राष्ट्रीय
17-Apr-2026


घर लौट रहे हैं हजारों परिवार बेरूत(ईएमएस)। अमेरिका की मध्यस्थता से इजराइल और लेबनान में हुए सीजफायर के बाद बेरूत समेत कई इलाकों में शांति दिख रही है। दोनों देश फिलहाल 10 दिनों के संघर्ष विराम पर सहमत हुए हैं। भले ही सीजफायर महज 10 दिनों का हुआ है लेकिन इससे हजारों विस्थापितों ने राहत की सांस ली है। अब हालात ऐसे हैं कि भारी संख्या में विस्थापित परिवारों ने घर वापसी का सफर शुरू कर दिया है। शुक्रवार सुबह के समय दक्षिण की ओर जाने वाले रास्ते पर कारों की लंबी कतारें नजर आईं। कारों की ये कतार लिटानी नदी पर बने क्षतिग्रस्त कासमीयेह पुल तक थी। यह पुल दक्षिणी तटीय शहर तायर को उत्तर से जोडऩे वाला एक अहम रास्ता है। घर के सामानों से लदी गाडिय़ां धीरे-धीरे आगे बढ़ती हुई नजर आईं। इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच हुई जंग की वजह से लेबनान में 10 लाख से ज्यादा लोग विस्थापित हो गए थे। लोगों ने चेतावनी को किया दरकिनार लेबनानी अधिकारियों ने चेतावनी दी थी कि सीजफायर के तुरंत बाद लोगों को अपने घरों को लौटने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। अधिकारियों की इस चेतावनी को दरकिनार कर संघर्ष विराम की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद ही भारी संख्या में लोग दक्षिणी लेबनान की ओर बढऩे लगे। कई लोग जब अपने घरों तक पहुंचे तो वहां उन्हें तबाह हो चुके अपार्टमेंट, टूटी सडक़ें और लटकती हुई तारें नजर आईं। विनोद उपाध्याय / 17 अप्रैल, 2026