राज्य
17-Apr-2026


भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। विश्व विरासत दिवस (वर्ल्ड हेरिटेज डे) के अवसर पर शनिवार, 18 अप्रैल को मध्य प्रदेश की ऐतिहासिक और पुरातात्विक धरोहरों को निहारना पर्यटकों के लिए सुलभ होगा। प्रदेश सरकार ने इस खास दिन पर पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय संचालनालय के अधीन आने वाले सभी स्मारकों और संग्रहालयों में प्रवेश नि:शुल्क रखने का निर्णय लिया है। संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को अपनी प्राचीन कला, वास्तुकला और ऐतिहासिक महत्व की विरासतों के प्रति जागरूक करना है। शनिवार को पर्यटक बिना किसी टिकट के प्रदेश की गौरवशाली विरासत का अवलोकन कर सकेंगे। मंत्री लोधी ने आम जनता और युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपनी जड़ों और वैभवशाली इतिहास से रूबरू हों। राजधानी भोपाल सहित खजुराहो, ग्वालियर, ओरछा, इंदौर और अन्य शहरों में स्थित पुरातात्विक महत्व के केंद्रों पर विशेष तैयारियां की गई हैं। प्रकाश/17 अप्रैल 2026