17-Apr-2026
...


:: पेट्रोलिंग टीमों ने काटे 1348 हेलमेट के चालान, रॉन्ग पार्किंग और वन-वे उल्लंघन पर भी गाज :: इंदौर (ईएमएस)। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस ने मैदानी स्ट्राइक तेज कर दी है। विशेष पेट्रोलिंग और व्हील लॉक टीमों ने शुक्रवार को शहर के चारों जोन में आकस्मिक भ्रमण कर नियमों का उल्लंघन करने वाले 1671 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही की। पुलिस की इस सक्रियता का असर प्रमुख मार्गों और व्यस्त बाजारों में साफ दिखाई दिया, जहां सुगम यातायात के चलते आम नागरिकों को जाम से बड़ी राहत मिली। उपायुक्त (प्रभारी यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी के निर्देश पर टीमों ने अन्नपूर्णा रोड, राजवाड़ा, विजयनगर और 56 दुकान जैसे व्यस्ततम क्षेत्रों में मोर्चा संभाला। कार्यवाही के दौरान सबसे अधिक फोकस दोपहिया वाहन चालकों पर रहा, जिसमें बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 1348 लोगों पर जुर्माना किया गया। इसके साथ ही नो-पार्किंग और रॉन्ग पार्किंग में खड़े 148 वाहनों पर व्हील लॉक और क्रेन की कार्यवाही की गई। अधिकारियों का कहना है कि पेट्रोलिंग टीमों की सतत मौजूदगी से वाहन चालकों में नियमों के प्रति सजगता बढ़ी है। :: प्रमुख बाजारों में सुगम हुआ यातायात का प्रवाह :: यातायात पुलिस की इस मुहिम के सकारात्मक परिणाम धरातल पर दिखने लगे हैं। राजवाड़ा, सराफा, जवाहर मार्ग और क्लॉथ मार्केट जैसे क्षेत्रों में जहाँ पहले पार्किंग के कारण घंटों जाम लगा रहता था, वहां अब यातायात का प्रवाह अधिक सुगम हुआ है। पेट्रोलिंग टीमों द्वारा सड़क के दोनों ओर खड़े वाहनों को हटवाने और मौके पर ही चालान बनाने की प्रक्रिया से व्यापारियों और नागरिकों में जागरूकता बढ़ी है। विशेषकर 56 दुकान और कोठारी मार्केट जैसे इलाकों में अवैध पार्किंग में भारी कमी दर्ज की गई है। सड़कों पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने केवल पार्किंग ही नहीं, बल्कि खतरनाक ढंग से वाहन चलाने वालों को भी रडार पर लिया है। शुक्रवार को हुई कार्यवाही में मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने वाले 9 और वन-वे नियमों का उल्लंघन करने वाले 45 चालकों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए गए। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह विशेष अभियान आने वाले दिनों में और भी सघन किया जाएगा। मुख्य मार्गों के साथ-साथ अब मोहल्लों से जुड़ने वाली व्यस्त सड़कों पर भी व्हील लॉक और जब्ती की कार्यवाही जारी रहेगी। प्रकाश/17 अप्रैल 2026