रायगढ़(ईएमएस)। जिले के वन मंडल क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पानी की तलाश में गांव पहुंचे एक सांभर के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। कुत्तों के हमले से घायल हुए सांभर को पहले ग्रामीणों ने बचाया, लेकिन बाद में उसे मारकर उसका मांस आपस में बांट लिया। जानकारी के मुताबिक, जंगल से भटककर गांव पहुंचे सांभर पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे कुत्तों से बचाया।हालांकि, इसके बाद कुछ ग्रामीणों ने घायल सांभर को मार दिया और उसका मांस घरों में बांट लिया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग हरकत में आया। वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को पकड़ा। जांच के दौरान उनके घरों से सांभर के मांस के टुकड़े बरामद किए गए, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। एसडीओ तनमय कौशिक ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की गई। सभी आरोपियों को वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)18 अप्रैल 2026