रायपुर (ईएमएस)। राजधानी में लोन दिलाने का झांसा देकर एक युवक को 27 लाख 50 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पीड़ित के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर विभिन्न बैंकों से फर्जी लोन स्वीकृत करा लिया और पूरी रकम हड़प ली। मामला पंडरी थाना क्षेत्र का है। पीड़ित कृष्णा राव ने पुलिस को बताया कि आरोपी जीतेश कुमार चंद्राकर और होरी लाल ने उसके संपर्क में आकर कहा कि वे आसानी से बैंक से लोन दिलवा देंगे। विश्वास दिलाने के लिए उन्होंने पीड़ित से जरूरी दस्तावेज और 5 हजार रुपये नकद भी ले लिए। आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि लोन जल्द स्वीकृत हो जाएगा, लेकिन उन्होंने पीड़ित की जानकारी के बिना 3 जुलाई 2025 से 25 अगस्त 2025 के बीच उसके दस्तावेजों का इस्तेमाल कर अलग-अलग बैंकों से 27 लाख 50 हजार रुपये का लोन निकाल लिया। पीड़ित को इस फर्जीवाड़े का पता तब चला जब बैंकों से किस्त और बकाया राशि को लेकर नोटिस आने शुरू हो गए। हैरान युवक ने तुरंत पंडरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपीयों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। जांच में पता चल रहा है कि आरोपी पीड़ित के दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल कर फर्जी तरीके से लोन स्वीकृत करा रहे थे। अभी दोनों आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस ठगी के पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय तो नहीं है। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)18 अप्रैल 2026